देवघर। साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत देवघर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर (भा.पु.से.) के निर्देश एवं पुलिस उपाधीक्षक कैलाश प्रसाद महतो के नेतृत्व में कार्रवाई करते हुए तीन साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ लोग फर्जी तरीके से Flipkart, Amazon, Airtel Payment Bank तथा Google पर PhonePe Customer Care के नाम से आम लोगों को ठगी का शिकार बना रहे हैं। इसके अलावा PM किसान योजना और लोन दिलाने के नाम पर भी लोगों को झांसा देकर ऑनलाइन ठगी की जा रही थी।
सूचना के आधार पर छापेमारी कर संतोष कुमार दास (36), शेखर कुमार दास (22) और सुमन कुमार दास (22) को गिरफ्तार किया गया। प्रारंभिक जांच में इनके मोबाइल फोन और सिम कार्ड साइबर ठगी में प्रयुक्त होने के प्रमाण मिले हैं।
गिरफ्तार अपराधी फर्जी Google Pay, PhonePe, PayTM Customer Care और IRCTC अधिकारी बनकर कैशबैक का लालच देते थे तथा PhonePe Gift Card बनवाकर रकम ठग लेते थे। वहीं फर्जी Airtel Payment Bank अधिकारी बनकर ग्राहकों को Airtel Thanks App के माध्यम से ठगी का शिकार बनाते थे।
पुलिस ने इनके पास से 4 मोबाइल फोन, 3 सिम कार्ड, 5 डेबिट कार्ड और 3 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। छापेमारी अभियान में साइबर थाना, पाथरौल थाना और करौं थाना की पुलिस टीम शामिल रही।
