Bokaro” बेरमो थाना क्षेत्र के 05 नंबर धौड़ा में गर्भवती महिला अनिता देवी की मौत के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में भारी आक्रोश का माहौल बना हुआ था और स्थानीय लोग लगातार आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे।
बेरमो डीएसपी रविंद्र कुमार सिंह ने प्रेस वार्ता के दौरान बताया कि 29 मई 2026 की रात करीब नौ बजे अनिता देवी और उनके पड़ोसियों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। देखते ही देखते विवाद हिंसक झड़प में बदल गया और मारपीट के दौरान गर्भवती अनिता देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं। परिजन उन्हें तत्काल इलाज के लिए ढोरी स्थित रिजनल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
महिला की मौत की खबर फैलते ही क्षेत्र में तनाव बढ़ गया। आक्रोशित लोगों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर सड़क जाम कर प्रदर्शन किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने विशेष टीम का गठन कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान शुरू किया।
मृतका के पति महेश भुईयाँ के आवेदन पर बेरमो थाना कांड संख्या 63/26 दिनांक 30 मई 2026 को दर्ज किया गया। पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नामजद छह आरोपियों बबलु कुमार उर्फ बबलु भुईयाँ, सुरेन्द्र भुईयाँ, विरेन्द्र कुमार भारती, राहुल दिगार, धिरेन भुईयाँ उर्फ धिरेन कुमार भारती तथा राजेश कुमार को गिरफ्तार कर लिया। सभी आरोपियों को न्यायालय में प्रस्तुत करने के बाद जेल भेज दिया गया है।
