देवघर विश्व तंबाकू निषेध दिवस के अवसर पर शनिवार को देवघर समाहरणालय सभागार में स्वास्थ्य विभाग द्वारा जागरूकता बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता उप विकास आयुक्त (डीडीसी) पीयूष सिन्हा ने की। कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों, चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों ने भाग लिया।
बैठक के दौरान तंबाकू सेवन से होने वाले दुष्प्रभावों और इससे जुड़ी गंभीर बीमारियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। विशेषज्ञों ने बताया कि तंबाकू का सेवन कैंसर, हृदय रोग, फेफड़ों की बीमारी और अन्य कई जानलेवा रोगों का प्रमुख कारण है। साथ ही युवाओं को तंबाकू की लत से बचाने के लिए व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने पर भी बल दिया गया।
इस अवसर पर उपस्थित सभी अधिकारियों एवं कर्मियों को तंबाकू का सेवन नहीं करने तथा अपने परिवार, मित्रों और समाज के अन्य लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करने की शपथ दिलाई गई।
उप विकास आयुक्त पीयूष सिन्हा ने कहा कि तंबाकू एक धीमा जहर है, जो व्यक्ति के स्वास्थ्य को गंभीर रूप से प्रभावित करता है। उन्होंने लोगों से स्वस्थ एवं सुरक्षित जीवन के लिए तंबाकू उत्पादों से पूरी तरह दूरी बनाने की अपील की। साथ ही समाज के हर वर्ग को तंबाकू मुक्त वातावरण बनाने में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।
