बोकारो। पटना से रांची जा रही जनशताब्दी एक्सप्रेस के बोकारो रेलवे स्टेशन पहुंचते ही शनिवार को हड़कंप मच गया। ट्रेन के इंजन के अगले हिस्से से तेज बदबू आने के बाद रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और राजकीय रेल पुलिस (GRP) को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही दोनों टीमों ने मौके पर पहुंचकर इंजन की जांच शुरू की।जांच के दौरान इंजन के आगे स्थित कैटल गार्ड के पास बने एक हॉल में करीब 50 वर्षीय महिला का कटा हुआ सिर बरामद किया गया। सिर मिलने की सूचना से स्टेशन परिसर में सनसनी फैल गई। पुलिस ने बरामद सिर को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।घटना के बाद जनशताब्दी एक्सप्रेस करीब एक घंटे तक बोकारो रेलवे स्टेशन पर खड़ी रही। इस दौरान रेलवे पुलिस की टीम ने इंजन के आसपास के हिस्सों की भी जांच की और घटना से जुड़े साक्ष्य जुटाने का प्रयास किया।महिला की पहचान फिलहाल नहीं हो सकी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि महिला की मौत किन परिस्थितियों में हुई और उसका सिर ट्रेन के इंजन के आगे स्थित हिस्से तक कैसे पहुंचा। मामले में आगे की कार्रवाई जांच के बाद स्पष्ट होगी।

