50 हजार रुपये का इनाम था घोषित………..
चतरा। हंटरगंज पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बिहार के गया जिले के टॉप-10 इनामी अपराधियों में शामिल रामभज्जू यादव को चोरी की बोलेरो के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, रामभज्जू यादव पर हत्या, डकैती और लूट जैसे गंभीर अपराधों के 15 मामले झारखंड और बिहार के विभिन्न थानों में दर्ज हैं। उस पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि रामभज्जू यादव चोरी की बोलेरो से बिहार के गोपालपुर के रास्ते हंटरगंज के जजलो बाजार की ओर आ रहा है। सूचना के आधार पर थाना प्रभारी संदीप कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने मीरपुर कब्रिस्तान के पास सघन वाहन जांच शुरू की। इसी दौरान बोलेरो संख्या BR01PH-5435 को रोककर जांच की गई।
वाहन में सवार रामभज्जू यादव से पुलिस ने गाड़ी के कागजात मांगे, लेकिन वह कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। तलाशी के दौरान उसके पास से दो मोबाइल फोन भी बरामद किए गए। पुलिस के मुताबिक, आरोपी अपने साथियों के साथ किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की तैयारी में था।
गिरफ्तार आरोपी गया जिले के बाराचट्टी थाना क्षेत्र का रहने वाला है और पूर्व में भी कई बार जेल जा चुका है। हंटरगंज पुलिस ने संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
