निकला 1.62 किलो सोना और 62.7 किलो चांदी……..





चतरा। इटखोरी स्थित मां भद्रकाली मंदिर की आभूषण दान पेटी 11 साल बाद खोली गई। मां भद्रकाली न्यास समिति के सदस्यों, स्थानीय पुजारियों और रैयतों की मौजूदगी में दान पेटी खोलने की प्रक्रिया पूरी पारदर्शिता के साथ की गई। पेटी से श्रद्धालुओं द्वारा दान किए गए 1 किलो 627 ग्राम सोने और 62 किलो 700 ग्राम चांदी के आभूषण बरामद हुए।
न्यास समिति के अध्यक्ष वाई.के. सिंह चौहान ने बताया कि दान पेटी से प्राप्त बहुमूल्य धातुओं की जानकारी जिला प्रशासन को दे दी गई है। अब सुरक्षाबलों की निगरानी में सोने और चांदी की शुद्धता की जांच कराई जाएगी। समिति के अनुसार, श्रद्धालुओं की ओर से वर्षों से दान किए गए इन आभूषणों का उपयोग मंदिर के सौंदर्यीकरण और साज-सज्जा में किया जाएगा।
योजना के तहत करीब एक किलो सोने से बनारस में मां भद्रकाली के लिए भव्य छत्र तैयार कराया जाएगा। वहीं, प्राप्त चांदी का उपयोग मंदिर के गर्भगृह की साज-सज्जा में किया जाएगा। मंदिर में तीन धर्मों—सनातन, जैन और बौद्ध—के श्रद्धालुओं की आस्था जुड़ी हुई है।
