चतरा: नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चतरा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने वशिष्ठनगर थाना क्षेत्र में विशेष अभियान चलाकर करीब 60 लाख रुपये मूल्य की 277 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की है। इस कार्रवाई में एक अंतरराज्यीय तस्कर को गिरफ्तार किया गया है, जो मादक पदार्थ की खेप लेकर बिहार भागने की तैयारी में था।प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति स्कॉर्पियो वाहन से अवैध ब्राउन शुगर की बड़ी खेप लेकर क्षेत्र से गुजरने वाला है। सूचना के सत्यापन के बाद एसडीपीओ सन्नी वर्धन के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया। टीम ने हरदाही-कौलेश्वरी मार्ग के समीप रणनीतिक रूप से घेराबंदी की और संदिग्ध सफेद रंग की स्कॉर्पियो को रोककर उसकी तलाशी ली।तलाशी के दौरान वाहन से 277 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की गई। इसके अलावा एक मोबाइल फोन और तस्करी में प्रयुक्त स्कॉर्पियो वाहन को भी जब्त कर लिया गया। मौके से वशिष्ठनगर थाना क्षेत्र के निवासी कमलेश कुमार को गिरफ्तार किया गया।पुलिस जांच में यह तथ्य सामने आया है कि आरोपी दंतार, राजपुर और कान्हाचट्टी मार्ग होते हुए बिहार की ओर भागने की योजना बना रहा था। प्रारंभिक पूछताछ के आधार पर पुलिस को इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी जानकारी मिली है, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।इस संबंध में नवगठित एनडीपीएस थाना में कांड संख्या 01/2026 के तहत मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मादक पदार्थों की तस्करी में शामिल पूरे नेटवर्क की पहचान कर उसके विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।चतरा पुलिस की इस कार्रवाई को जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ एक बड़ी सफलता माना जा रहा है।
