देवघर पुलिस ने चैन स्नैचिंग की घटनाओं पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से बड़ी कार्रवाई करते हुए एक सक्रिय स्नैचिंग गैंग के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है। इस संबंध में देवघर के एसडीपीओ कुलदीप कुमार ने प्रेस वार्ता आयोजित कर मामले का खुलासा किया।
उन्होंने बताया कि 16 जुलाई को खजुरिया निवासी नीतीश कुमार के साथ बैद्यनाथ धाम रेलवे स्टेशन से पुरंदाहा जाने वाले मार्ग पर तीन युवकों ने मारपीट कर उनकी चांदी की चैन और अन्य सामान छीन लिया था। पीड़ित की शिकायत पर नगर थाना में प्राथमिकी दर्ज कर विशेष टीम का गठन किया गया। तकनीकी एवं मानवीय साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आलोक कुमार उर्फ सनी, आशीष कुमार दास और प्रीतम मिश्रा को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से चांदी की एक चैन, चैन के दो टुकड़े, एक लॉकेट, दो चांदी के ब्रेसलेट तथा घटना में प्रयुक्त नीले रंग की एक्टिवा स्कूटी बरामद की है। एसडीपीओ ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में आशीष कुमार दास और प्रीतम मिश्रा का पूर्व से भी आपराधिक इतिहास रहा है। पुलिस सभी आरोपियों से पूछताछ कर रही है तथा गैंग के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस ने भरोसा दिलाया कि जिले में अपराधियों के विरुद्ध अभियान आगे भी जारी रहेगा।
