नकली पुलिस बनकर घुसे अपराधी, पिस्तौल दिखाकर 1 लाख नगद और जेवरात लूटे……….
देवघर: मोहनपुर थाना क्षेत्र के चितरपोका गांव में शनिवार देर रात एक सनसनीखेज लूट की घटना सामने आई है। अज्ञात हथियारबंद अपराधियों ने एक घर में घुसकर पूरे परिवार को बंधक बना लिया और नगदी सहित लाखों रुपये के जेवरात लूटकर फरार हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़ित रंजीत यादव (उम्र 26 वर्ष), पिता- गोबिंद यादव, निवासी चितरपोका ने बताया कि 25 अप्रैल की रात करीब 11:30 बजे करीब 10–12 की संख्या में अपराधी उनके घर की चारदीवारी फांदकर आंगन में घुस आए। सभी अपराधियों ने अपने चेहरे कपड़े से ढके हुए थे।
बताया गया कि अपराधियों ने खुद को “साइबर थाना का पुलिस” बताकर दरवाजा खुलवाया। जैसे ही दरवाजा खोला गया, सभी बदमाश जबरन घर में घुस गए और दरवाजा बंद कर दिया। एक अपराधी ने पिस्टल दिखाकर परिवार को जान से मारने की धमकी दी और सभी को एक कमरे में बंधक बना दिया।
इसके बाद बदमाशों ने घर के बक्सों और पलंग के बॉक्स का ताला तोड़कर तलाशी ली। इस दौरान उन्होंने करीब 1 लाख रुपये नकद और चांदी के कई जेवरात (पायल, सिकड़ी, ब्रासलेट, हसुली आदि) सहित अन्य सामान लूट लिया। घटना के दौरान अपराधियों ने किसी को शोर मचाने पर जान से मारने की धमकी भी दी।
घटना को अंजाम देने के बाद सभी अपराधी मौके से फरार हो गए। इसके बाद पीड़ित परिवार ने हो हल्ला करने पर गांववाले इकट्ठा हुआ घटना की जानकारी दी।
पीड़ित द्वारा मोहनपुर थाना में लिखित शिकायत दी गई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और अपराधियों की पहचान के लिए छानबीन की जा रही है।
ग्रामीणों में दहशत घटना के बाद पूरे गांव में भय का माहौल है। ग्रामीणों ने पुलिस से गश्त बढ़ाने और जल्द अपराधियों की गिरफ्तारी की मांग की है।
