बोकारो के सेक्टर-12 थाना क्षेत्र से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक बेटे ने ही अपने पिता पर जानलेवा हमला कर दिया। संपत्ति विवाद में रिश्तों की मर्यादा पूरी तरह टूटती नजर आई।
जानकारी के मुताबिक, आरोपी बेटे सोनू कुमार सिंह ने बैसाखी को हथियार बनाकर अपने पिता मुकेश्वर सिंह के सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिया। घटना उस वक्त हुई जब पिता अपने गांव आरा से लौटकर घर पहुंचे थे। इससे पहले, आरोपी ने अपनी पत्नी और साले के साथ मिलकर अपनी ही मां के साथ भी बेरहमी से मारपीट की थी, जिसमें महिला गंभीर रूप से घायल हो गई।
बताया जा रहा है कि विवाद फोरलेन किनारे की 3 डिसमिल जमीन को लेकर था, जिसमें से कुछ हिस्सा पिता ने अपनी बेटी के नाम कर दिया था। इसी बात से नाराज होकर बेटा लगातार अपने माता-पिता के साथ हिंसा कर रहा था।
घटना के बाद खून से लथपथ पिता को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनके सिर पर कई टांके लगे हैं।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी बेटे और उसके साले को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
