देवघर में साइबर अपराध के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर के निर्देश पर साइबर डीएसपी कैलाश प्रसाद महतो के नेतृत्व में पुलिस टीम ने 3 अक्टूबर को पांच साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी सारठ थाना क्षेत्र समेत जिले के विभिन्न इलाकों में फर्जी कस्टमर केयर प्रतिनिधि बनकर लोगों को ठगी का शिकार बनाते थे।
गिरफ्तार आरोपियों में लालचन महरा, उत्तम दास, संदीप कुमार दास, विकास कुमार दास और अशोक कुमार दास शामिल हैं। पुलिस ने इनके पास से पांच मोबाइल फोन और आठ सिम कार्ड बरामद किए हैं। आरोपियों की ठगी की शैली में फर्जी Google Pay, PhonePe और Paytm कस्टमर केयर अधिकारी बनकर कैशबैक का झांसा देना शामिल था।
इसके अलावा आरोपी PM किसान योजना, बिजली बिल, RTO चालान और आधार अपडेट के नाम पर APK फाइल भेजकर लोगों के मोबाइल का एक्सेस हासिल करते थे और फिर ठगी करते थे। पुलिस के मुताबिक, तकनीकी जांच में बरामद मोबाइल नंबर और IMEI नंबरों के खिलाफ विभिन्न राज्यों में साइबर ठगी की शिकायतें मिली हैं। पुलिस ने बताया कि उत्तम दास और विकास कुमार दास का पूर्व में भी साइबर अपराध से जुड़ा मामला दर्ज है।
