देवघर: विश्व प्रसिद्ध राजकीय श्रावणी मेला 2026 का विधिवत शुभारंभ बुधवार को झारखंड-बिहार सीमा स्थित दुम्मा बॉर्डर पर वैदिक मंत्रोच्चार, पूजा-अर्चना और पारंपरिक ढोल-नगाड़ों की गूंज के बीच हुआ। दीप प्रज्वलन एवं फीता काटकर मेले का औपचारिक उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर पर्यटन, कला-संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य मंत्री सुदिव्य कुमार सोंनु, कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता मंत्री दीपिका सिंह पांडे, देवघर विधायक सुरेश पासवान सहित कई जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए मंत्री सुदिव्य कुमार सोंनु ने कहा कि श्रावणी मेला बाबा बैद्यनाथ की असीम कृपा से संचालित होता है और हम सभी केवल निमित्त मात्र हैं। उन्होंने इस वर्ष 55 लाख से अधिक श्रद्धालुओं के देवघर पहुंचने की संभावना जताई। वहीं मंत्री दीपिका सिंह पांडे ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए व्यापक तैयारियां की गई हैं। स्वच्छ, सुरक्षित और प्लास्टिक मुक्त मेला आयोजित करने पर विशेष ध्यान दिया गया है।
उद्घाटन के साथ ही “बोल बम” और “हर-हर महादेव” के जयघोष के बीच कांवरियों का बाबा नगरी की ओर प्रवेश शुरू हो गया। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए दुम्मा बॉर्डर से लेकर पूरे मेला क्षेत्र में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। पुलिस, प्रशासन और स्वयंसेवक श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुचारु व्यवस्था सुनिश्चित करने में जुटे हुए हैं।
