देवघर। आगामी श्रावणी मेला 2026 को लेकर देवघर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। लाखों श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और सुगम दर्शन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से तैयारियों की समीक्षा तेज कर दी गई है। इसी क्रम में देवघर के उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया एवं पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर ने अन्य अधिकारियों के साथ बाबा बैद्यनाथ मंदिर परिसर का निरीक्षण किया।निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मंदिर परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में श्रद्धालुओं के प्रवेश और निकास मार्ग, सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण, पेयजल आपूर्ति, स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था, चिकित्सा सुविधाओं तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने संबंधित विभागों के पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी तैयारियां निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरी कर ली जाएं ताकि मेले के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था की स्थिति उत्पन्न न हो।उपायुक्त ने कहा कि श्रावणी मेला राज्य ही नहीं बल्कि देश के सबसे बड़े धार्मिक आयोजनों में से एक है। ऐसे में श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। वहीं पुलिस अधीक्षक ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि भीड़ प्रबंधन, यातायात नियंत्रण और श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए व्यापक कार्ययोजना तैयार की जा रही है।प्रशासन द्वारा मंदिर परिसर में साफ-सफाई, बैरिकेडिंग, नियंत्रण कक्ष, सूचना केंद्र, चिकित्सा शिविर और आपातकालीन सेवाओं को भी मजबूत करने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। अधिकारियों ने सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने पर भी जोर दिया।गौरतलब है कि श्रावणी मेला के दौरान देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु देवघर पहुंचकर बाबा बैद्यनाथ का जलाभिषेक करते हैं। ऐसे में प्रशासन का प्रयास है कि सभी श्रद्धालुओं को सुरक्षित, व्यवस्थित और सुगम दर्शन की सुविधा उपलब्ध कराई जा सके।
