देवघर जिले में यातायात व्यवस्था को सुचारू और सुरक्षित बनाए रखने के उद्देश्य से देवघर पुलिस द्वारा मंगलवार को अतिक्रमण एवं यातायात नियम उल्लंघन के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया गया। यह अभियान पुलिस अधीक्षक प्रवीन पुष्कर के निर्देश पर पुलिस उपाधीक्षक (सीसीआर) लक्ष्मण प्रसाद के नेतृत्व में संचालित किया गया। अभियान में यातायात थाना प्रभारी देवघर तथा देवीपुर थाना प्रभारी की सक्रिय सहभागिता रही।
अभियान के दौरान देवघर एम्स के मुख्य द्वार के बाहर सड़क किनारे किए गए अवैध अतिक्रमण को हटाया गया। पुलिस और प्रशासन की संयुक्त कार्रवाई से क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त कर आम लोगों के लिए आवागमन को सुगम बनाया गया। इसके अलावा लक्ष्मीपुर चौक पर अवैध रूप से खड़े बसों एवं अन्य वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए कई वाहनों का चालान काटा गया।
अधिकारियों ने मौके पर मौजूद दुकानदारों, वाहन चालकों और आम नागरिकों को यातायात नियमों के पालन तथा सार्वजनिक स्थलों पर अतिक्रमण नहीं करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि सड़क और सार्वजनिक स्थानों पर अतिक्रमण से दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ती है तथा यातायात व्यवस्था प्रभावित होती है।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि जिले में इस प्रकार के अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे ताकि यातायात व्यवस्था बेहतर बनी रहे और नागरिकों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके।


