देवघर नगर थाना क्षेत्र के बरियारबांधी इलाके में बुधवार दोपहर को गोलीबारी की एक घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। अज्ञात हमलावरों ने 23 वर्षीय युवक अभिषेक यादव को गोली मार दी और मौके से फरार हो गए। गोली युवक की कमर में लगी है। घटना के बाद स्थानीय लोगों और दोस्तों की मदद से घायल अभिषेक को तत्काल इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में चिकित्सकों द्वारा प्राथमिक उपचार के बाद उसकी स्थिति का आकलन किया गया। डॉक्टरों के अनुसार घायल युवक की हालत फिलहाल खतरे से बाहर है और उसका इलाज जारी है। जानकारी के अनुसार घायल अभिषेक यादव देवघर के बमपास टाउन स्थित एसकेपी स्कूल के समीप का निवासी है। घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है तथा हमलावरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए प्रयास तेज कर दिए गए हैं।
फिलहाल गोलीबारी के पीछे के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है, जबकि पुलिस ने जल्द ही मामले के खुलासे का भरोसा दिलाया है।
