रांची। जेएससीए अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम, धुर्वा में 9 अक्टूबर को होने वाले भारत बनाम वेस्टइंडीज के द्वितीय टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच के सफल आयोजन को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में उच्चस्तरीय बैठक हुई। इसमें विधि-व्यवस्था, सुरक्षा, यातायात प्रबंधन और भीड़ नियंत्रण को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
उपायुक्त ने अधिकारियों को मैच के दौरान संभावित भारी भीड़ को देखते हुए पुख्ता सुरक्षा एवं ट्रैफिक व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। स्टेडियम परिसर और आसपास सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ रखने के साथ दोपहर 3 बजे से प्रवेश शुरू होने से पहले बिना टिकट वाले लोगों को स्टेडियम के आसपास जमा नहीं होने देने को कहा गया।
दर्शकों को निर्धारित गेटों से कतारबद्ध तरीके से प्रवेश दिया जाएगा। प्रशासन ने क्रिकेट प्रेमियों से समय पर पहुंचने और प्रतिबंधित वस्तुएं स्टेडियम में नहीं लाने की अपील की है। निर्धारित पार्किंग स्थलों का उपयोग करने तथा यातायात नियमों का पालन करने का भी आग्रह किया गया।
बैठक में एसएसपी राकेश रंजन, एसडीओ कुमार रजत, एसपी सिटी पारस राणा, एसपी ट्रैफिक राकेश सिंह समेत जेएससीए के पदाधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध तरीके से पूरी करने का निर्देश दिया गया।

