देवघर पुलिस ने साइबर अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर के निर्देश पर साइबर अपराध नियंत्रण अभियान के तहत की गई। पुलिस उपाधीक्षक कैलाश प्रसाद महतो के नेतृत्व में 26 मई 2026 को की गई छापेमारी में आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ साइबर अपराधी फर्जी तरीके से Flipkart, Amazon, Airtel Payment Bank और Google पर PhonePe कस्टमर केयर अधिकारी बनकर लोगों से ऑनलाइन ठगी कर रहे हैं। इसके अलावा पीएम किसान योजना और लोन दिलाने के नाम पर भी लोगों को झांसे में लेकर ठगी की जा रही थी।
गिरफ्तार आरोपियों में अयुब असारी, मुस्तफा अंसारी, मो. बाबर अंसारी, इरफान अंसारी और समीद अंसारी शामिल हैं। सभी आरोपी मारगोमुण्डा थाना क्षेत्र के रहने वाले बताए गए हैं।
पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी फर्जी कस्टमर केयर अधिकारी बनकर लोगों को कैशबैक का लालच देते थे और PhonePe Gift Card बनवाकर उसे रिडीम कर राशि की ठगी करते थे। वहीं Airtel Payment Bank के नाम पर लोगों के कार्ड बंद कर पुनः चालू कराने के बहाने भी ठगी की जाती थी। आरोपी साइबर अपराधियों को फर्जी एटीएम कार्ड उपलब्ध कराने और ठगी की रकम नकद में पहुंचाने का भी काम करते थे।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से मोबाइल फोन, सिम कार्ड, 16 एटीएम कार्ड, 1 लाख 22 हजार 60 रुपये नकद, एक स्कॉर्पियो और एक पल्सर बाइक बरामद की है। मामले में पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।
