कोडरमा जिले के चंदवारा थाना क्षेत्र स्थित तिलैया डैम में डूबने से 22 वर्षीय युवक सचिन कुमार की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक सचिन कुमार, पिता शंकर शर्मा, अपने दो दोस्तों के साथ डैम में नहाने गया था। बताया जा रहा है कि तीनों दोस्तों को तैरना नहीं आता था। नहाने के दौरान सचिन अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। उसके साथ मौजूद दोनों दोस्तों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन वे सफल नहीं हो सके और किसी तरह खुद बाहर निकल आए।
घटना की सूचना मिलते ही चंदवारा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने ग्रामीण गोताखोरों की मदद से काफी मशक्कत के बाद डैम से सचिन का शव बाहर निकाला। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए कोडरमा सदर अस्पताल भेज दिया गया। घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया जाता है कि सचिन हाल ही में नीट परीक्षा देकर घर लौटा था और डॉक्टर बनने का सपना देख रहा था। परिवार और गांव के लोगों के अनुसार वह पढ़ाई में काफी मेहनती और शांत स्वभाव का युवक था। उसकी अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से तिलैया डैम जैसे पर्यटन और पिकनिक स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने, चेतावनी बोर्ड लगाने और गोताखोरों की स्थायी तैनाती की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।
