धनबाद जिले के कतरास थाना क्षेत्र अंतर्गत छाताबाद स्थित कैलूडीह मैदान के पास बुधवार देर रात करीब एक बजे कोयले के अवैध कारोबार में वर्चस्व को लेकर दो गुटों के बीच जमकर गोलीबारी हुई। अंधाधुंध फायरिंग की इस घटना में दोनों पक्षों के तीन लोग गोली लगने से घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल कायम हो गया।
घायलों में छाताबाद निवासी मो. तौसिफ, नीतीश कुमार यादव और एक अन्य व्यक्ति शामिल हैं। जानकारी के अनुसार तौसिफ के कंधे में गोली लगी है, जिसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए दुर्गापुर रेफर कर दिया। वहीं नीतीश कुमार यादव की जांघ में गोली लगी है। उसका इलाज निचितपुर स्थित एक क्लिनिक में चल रहा है। तीसरे घायल का भी स्थानीय स्तर पर इलाज किया जा रहा है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक स्कॉर्पियो सवार कुछ लोग छाताबाद मैदान की ओर से पहुंचे और कैलूडीह मस्जिद भवन के समीप अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद दूसरे पक्ष की ओर से भी जवाबी फायरिंग की गई। देर रात हुई इस गोलीबारी से आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही बाघमारा एसडीपीओ अजीत कुमार विमल, कतरास थाना प्रभारी प्रवीण कुमार, कतरास अंचल इंस्पेक्टर मो. रुस्तम समेत कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।
एसडीपीओ अजीत कुमार विमल ने बताया कि घायलों का इलाज कराया जा रहा है तथा गोलीबारी में शामिल अपराधियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
धनबाद से चंदन पांडे की रिपोर्ट………..
