कोडरमा के इंदरवा पंचायत स्थित चितरपुर गांव में जमीन विवाद ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। इस हिंसक घटना में कोडरमा विधायक डॉ. नीरा यादव के निजी चालक राजकुमार यादव की हत्या कर दी गई, जबकि उनकी बेटी, मां और पिता गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। सभी घायलों का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है।
बताया जा रहा है कि जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। बुधवार देर रात दोनों पक्षों के बीच तनाव बढ़ गया और मामला हिंसक झड़प में बदल गया। इस दौरान राजकुमार यादव पर पीछे से हमला किया गया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना में परिवार के अन्य सदस्य भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
घटना की सूचना मिलते ही विधायक डॉ. नीरा यादव गांव पहुंचीं और पीड़ित परिवार से मुलाकात की। उन्होंने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि दिन में ही विवाद और मारपीट की जानकारी थाना प्रभारी को दी गई थी, लेकिन समय पर कार्रवाई नहीं होने से यह दुखद घटना हुई। विधायक ने कहा कि राजकुमार सिर्फ चालक नहीं, बल्कि उनके परिवार का सदस्य था।
घटना के विरोध में परिजनों ने शव के साथ कोडरमा थाना के सामने रांची-पटना मुख्य मार्ग जाम कर दिया। बाद में एसडीओ निर्मल सोरेन और डीएसपी अरविंद कुमार के आश्वासन के बाद जाम हटाया गया। पुलिस ने मामले में कई नामजद आरोपियों को हिरासत में लिया है और अन्य की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। इलाके में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है।
