देवघर। अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ देवघर पुलिस के अभियान के तहत कुण्डा थाना क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, 30 सितंबर की शाम पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि चरकी पहाड़ी स्थित अर्ध-निर्मित मकान और खंडहर में कुछ लोग अवैध मादक पदार्थ के सेवन एवं खरीद-बिक्री के लिए जुटे हैं।
सूचना के सत्यापन और आवश्यक कार्रवाई के लिए अंचल अधिकारी देवघर तथा कुण्डा थाना प्रभारी के नेतृत्व में छापामारी दल का गठन किया गया। टीम ने चरकी पहाड़ी स्थित उक्त स्थान पर विधिवत छापामारी की। कार्रवाई के दौरान तीन लोगों को हिरासत में लेकर तलाशी ली गई। तलाशी में पुलिस ने 10.8 ग्राम ब्राउन शुगर (कागज सहित), तीन एंड्रॉयड मोबाइल फोन और 9,270 रुपये नकद बरामद किए।
पुलिस ने मामले में अविनाश कुमार यादव उर्फ मधु (22), निवासी भोड़ाजमुआ, कुण्डा, कन्हैया सिंह (50), निवासी शहीद आश्रम रोड, करनीबाग, कुण्डा तथा महानंद यादव (28), निवासी नावाडीह बैजनाथपुर कुरैवा, मोहनपुर को गिरफ्तार किया है। इस संबंध में कुण्डा थाना कांड संख्या 124/26, दिनांक 30 सितंबर 2026 को एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(बी) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
