देवघर नगर निगम क्षेत्र में शुक्रवार से होल्डिंग टैक्स संग्रह की प्रक्रिया शुरू होगी। नगर निगम प्रशासन ने टैक्स संग्रह को सुगम, पारदर्शी और व्यवस्थित बनाने के लिए व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। शहरवासी नगर निगम कार्यालय परिसर स्थित जन सुविधा केंद्र में जाकर अपना होल्डिंग टैक्स जमा कर सकेंगे।
जन सुविधा केंद्र पर करदाताओं की सुविधा के लिए नकद और चेक के अलावा डेबिट कार्ड, क्रेडिट कार्ड और नेट बैंकिंग के माध्यम से भी भुगतान की व्यवस्था की गई है। वहीं, बुजुर्गों, कामकाजी लोगों और दूर-दराज के वार्डों में रहने वाले नागरिकों की सुविधा के लिए वार्ड स्तर पर भी विशेष अभियान चलाया जाएगा।
नगर आयुक्त के निर्देश पर निगम के रेवेन्यू इंस्पेक्टर और टैक्स कलेक्टर सभी वार्डों में घर-घर जाकर होल्डिंग टैक्स की वसूली करेंगे। इस दौरान फील्ड कर्मी टैक्स से संबंधित विवरण का सत्यापन कर मौके पर ही रसीद उपलब्ध कराएंगे। इससे नागरिकों को टैक्स जमा करने के लिए बार-बार निगम कार्यालय जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
नगर निगम प्रशासन ने शहरवासियों से अपील की है कि वे अभियान में सहयोग करते हुए अपने बकाया और चालू वित्तीय वर्ष के होल्डिंग टैक्स का समय पर भुगतान सुनिश्चित करें।
