देवघर जिले को नशामुक्त बनाने के उद्देश्य से पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत जसीडीह थाना क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए एक युवक को ब्राउन शुगर के साथ गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपी के पास से 12.02 ग्राम ब्राउन शुगर और एक मोबाइल फोन बरामद किया है।
पुलिस अधीक्षक देवघर को 7 जून 2026 को गुप्त सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति भागलपुर से आने वाली बस के जरिए ब्राउन शुगर लेकर देवघर पहुंचा है और साई विकास नगर स्थित मनोकामना साईं मंदिर के सामने, बांका मुख्य सड़क के पास संदिग्ध अवस्था में घूम रहा है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (सदर) के नेतृत्व में एक विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया।
गठित टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बताए गए स्थान पर छापेमारी की। इस दौरान संदिग्ध युवक को हिरासत में लेकर उसकी विधिवत तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उसके पास से 12.02 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद किया गया। गिरफ्तार युवक की पहचान छोटु कुमार (22 वर्ष), पिता लालू मंडल, निवासी सबोर थाना क्षेत्र, जिला भागलपुर (बिहार) के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध जसीडीह थाना कांड संख्या 195/2026 दर्ज किया है। मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) 2023 की धारा 111(2)(बी) तथा एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत कार्रवाई की गई है। बरामद सामान में ब्राउन शुगर के अलावा वीवो कंपनी का एक मोबाइल फोन भी शामिल है।
छापेमारी दल में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (सदर), जसीडीह थाना प्रभारी दीपक कुमार, तकनीकी शाखा प्रभारी संदीप कृष्णा, बाबा मंदिर थाना के प्रियरंजन कुमार, जसीडीह थाना के राजेश कुमार झा समेत तकनीकी कोषांग और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।
पुलिस ने कहा है कि जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और इसमें संलिप्त लोगों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
