गिरिडीह जिले के मुफ्फसिल थाना क्षेत्र अंतर्गत तुरुकडीहा गांव में सोमवार सुबह एक बेहद दर्दनाक और हृदयविदारक घटना सामने आई, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। गांव निवासी नंदू यादव पर अपनी तीन बेटियों की धारदार हथियार से हत्या करने का आरोप है। इस घटना के बाद पूरे गांव में मातम का माहौल है और लोग स्तब्ध हैं।
जानकारी के अनुसार, मृतक बच्चियों में 12 वर्षीय पल्लवी तथा 7 वर्षीय जुड़वां बहनें रिद्धि और सिद्धि शामिल हैं। बताया जाता है कि सोमवार सुबह आरोपी पिता ने किसी धारदार हथियार से तीनों बच्चियों पर हमला कर दिया। हमले में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक तीनों बच्चियों की मौत हो चुकी थी।
घटना की सूचना मिलने के बाद मुफ्फसिल थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और स्थिति को अपने नियंत्रण में लिया। पुलिस ने आरोपी पिता नंदू यादव को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए गए हैं और मामले की गहन जांच की जा रही है।
मामले पर जानकारी देते हुए एसडीपीओ जीतबाहन उरांव ने बताया कि हत्या के पीछे के कारणों का अभी तक स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। आरोपी से पूछताछ जारी है और जांच पूरी होने के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
इस दर्दनाक घटना के बाद मृत बच्चियों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं पूरे गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि इस तरह की घटना की किसी ने कल्पना भी नहीं की थी। मासूम बच्चियों की मौत से हर कोई सदमे में है। पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और जांच पूरी होने तक संयम बनाए रखने की अपील की है।
