देवघर। मोहनपुर थाना क्षेत्र में मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, 1 अक्टूबर की शाम हिण्डोलावरण और सिमरजोर इलाके में ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री और सेवन की गुप्त सूचना मिली थी। सूचना के सत्यापन और आवश्यक कार्रवाई के लिए एसआईटी का गठन किया गया।
एसआईटी ने हिण्डोलावरण से तपोवन जाने वाली मुख्य सड़क किनारे तीनघरा के पास नव निर्मित अस्पताल के समीप छापेमारी कर पांच लोगों को पकड़ा। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रफुल कुमार (33), भीम राय (20), जितेन्द्र कुमार (36), लखन मरांडी (25) और राहुल कुमार (20), सभी निवासी घुठिया बड़ा असहना, थाना मोहनपुर, देवघर के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों के पास से करीब 21.01 ग्राम ब्राउन शुगर जैसा मादक पदार्थ और 5,400 रुपये नकद बरामद किए। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में से कुछ के खिलाफ पूर्व में भी एनडीपीएस, साइबर अपराध तथा अन्य धाराओं में मामले दर्ज हैं। मामले में मोहनपुर थाना कांड संख्या 158/2026 दर्ज कर एनडीपीएस एक्ट एवं बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत आगे की कार्रवाई की जा रही है।
