साहिबगंज जिले के बोरियो थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में झारखंड पुलिस के एक हेड कॉन्स्टेबल समेत तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। यह हादसा बोरियो-तीनपहाड़ मुख्य सड़क पर धौगड़ा इमली गाछ के समीप उस समय हुआ, जब दो बाइक आमने-सामने टकरा गईं।
जानकारी के अनुसार, सड़क के तीखे मोड़ पर दोनों बाइक अनियंत्रित होकर एक-दूसरे से भिड़ गईं। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। हादसे में एक युवक गंभीर रूप से घायल हुआ है, जिसका इलाज जारी है।
मृतकों में झारखंड पुलिस के एक हेड कॉन्स्टेबल भी शामिल हैं। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
इस हादसे के बाद मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया है और पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच में जुटी हुई है। सड़क सुरक्षा को लेकर भी एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं।
