देवघर सदर अस्पताल समेत तीन CHC में खुलेंगे MNCU केंद्र,
48 स्कूलों में मिलेगी पेयजल सुविधा।
देवघर। उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया की अध्यक्षता में बुधवार को DMFT प्रबंधकीय समिति की बैठक हुई। बैठक में पूर्व में स्वीकृत विकास योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने लंबित कार्यों को तय समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करने का निर्देश दिया। साथ ही DMFT राजस्व संग्रहण की समीक्षा कर लक्ष्य के अनुरूप शत-प्रतिशत राजस्व संग्रहण सुनिश्चित करने को कहा।
बैठक में DMFT क्षेत्र के युवाओं को आधुनिक तकनीकी शिक्षा और रोजगार से जोड़ने के लिए AI एवं साइबर सुरक्षा प्रशिक्षण के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की स्थापना को मंजूरी दी गई। वहीं प्रभावित क्षेत्रों के 48 स्कूलों में पेयजल सुविधा उपलब्ध कराने तथा शौचालय निर्माण और मरम्मत कार्यों को भी प्रशासनिक स्वीकृति मिली।
ग्रामीण स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत करने के लिए सारठ, पालोजोरी और करौं के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में आधुनिक उपकरण उपलब्ध कराने का निर्णय लिया गया। इसके अलावा सारठ, करौं, पालोजोरी CHC और सदर अस्पताल में मदर न्यूबॉर्न केयर यूनिट (MNCU) स्थापित करने की स्वीकृति दी गई। बैठक में अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं को भी मंजूरी प्रदान की गई।
