अंतरराज्यीय साइबर गिरोह के तीन आरोपी गिरफ्तार…………..
साहिबगंज। डिजिटल अरेस्ट के नाम पर साइबर ठगी का बड़ा मामला साहिबगंज से सामने आया है। बरहरवा थाना क्षेत्र के एक व्यक्ति को साइबर अपराधियों ने व्हाट्सऐप कॉल के जरिए खुद को सीबीआई अधिकारी बताया। आरोपियों ने पीड़ित को गिरफ्तारी और कानूनी कार्रवाई का डर दिखाया। साथ ही अश्लील वीडियो और फर्जी एफआईआर में फंसाने की धमकी देकर करीब 1 करोड़ 20 लाख रुपये अलग-अलग बैंक खातों में आरटीजीएस के माध्यम से ट्रांसफर करा लिए।
मामले की जानकारी मिलने के बाद साहिबगंज पुलिस ने एसआईटी गठित कर जांच शुरू की। टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और बैंक खातों में हुए लेन-देन की गहन जांच की। जांच के क्रम में पुलिस ने पश्चिम बंगाल के दुर्गापुर में छापेमारी कर अंतरराज्यीय साइबर गिरोह के तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया।
पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है। पूछताछ के आधार पर ठगी की रकम के लेन-देन और गिरोह में शामिल अन्य साइबर अपराधियों की पहचान की जा रही है। पूरे मामले की जानकारी मुख्यालय डीएसपी रवि कांत साव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान दी।
