देवघर: राजकीय श्रावणी मेला-2026 में श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और सुगम जलार्पण सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन ने नेहरू पार्क स्थित एकीकृत मेला नियंत्रण कक्ष (IMCR) को अत्याधुनिक तकनीक से सुसज्जित किया है। यहां से पूरे मेला क्षेत्र की 24 घंटे लाइव मॉनिटरिंग की जा रही है।मेला क्षेत्र में लगाए गए एआई कैमरे, फेस रिकॉगनिशन कैमरे, सीसीटीवी और ड्रोन कैमरों के माध्यम से भीड़ प्रबंधन, संदिग्ध गतिविधियों की पहचान और सुरक्षा व्यवस्था पर लगातार नजर रखी जा रही है। नियंत्रण कक्ष में मौजूद अधिकारी प्रत्येक गतिविधि पर निगरानी रखते हुए किसी भी आपात स्थिति में तत्काल निर्णय और कार्रवाई सुनिश्चित कर रहे हैं।श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए नियंत्रण कक्ष में तीन पालियों में दंडाधिकारी, पुलिस अधिकारी एवं कर्मियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। इसके अलावा स्वास्थ्य, पेयजल, बिजली, सफाई, नागरिक उड्डयन समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी भी यहां तैनात हैं। सभी विभाग डिजिटल मॉनिटरिंग के माध्यम से समन्वय बनाकर शिकायतों और समस्याओं का त्वरित समाधान कर रहे हैं।जिला प्रशासन का उद्देश्य आधुनिक तकनीक और बेहतर समन्वय के जरिए देश-विदेश से आने वाले लाखों शिवभक्तों को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सुविधाजनक श्रावणी मेला का अनुभव उपलब्ध कराना है।

