देवघर | जसीडीह थाना क्षेत्र के मानिकपुर ग्राम पंचायत में पति-पत्नी के बीच हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया। घटना में पत्नी की मौत हो गई, जबकि पति के भी गंभीर रूप से घायल होने की बात सामने आई है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
जानकारी के अनुसार, किसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद शुरू हुआ था। देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया। इसी दौरान उनका बेटा झगड़ा छुड़ाने के लिए पहुंचा। बताया जा रहा है कि झगड़ा रोकने के दौरान बेटे ने अपने पिता को धक्का दे दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं, इस दौरान पत्नी की मौत हो गई।
मृतका की बड़ी बेटी ने बताया कि उसके माता-पिता के बीच आपसी विवाद और मारपीट हो रही थी। इसी दौरान उसकी मां की जान चली गई। घटना की सूचना मिलने के बाद जसीडीह पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
पुलिस घटना के कारणों और महिला की मौत की परिस्थितियों की जांच कर रही है। मौत कैसे हुई और घटना के पीछे वास्तविक वजह क्या थी, इसका खुलासा पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा है।
