हथियार छीनकर भागने की कोशिश पड़ी भारी………….
जामताड़ा: झारखंड के जामताड़ा जिले में रविवार देर रात पुलिस मुठभेड़ में कुख्यात गैंगस्टर सुजीत सिन्हा की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, सुजीत सिन्हा को साहिबगंज जेल से कड़ी सुरक्षा के बीच धनबाद जेल स्थानांतरित किया जा रहा था। इसी दौरान जामताड़ा थाना क्षेत्र के सुपायडीह पंचायत स्थित मेला डंगाल गांव के पास पुलिस वाहन का टायर पंचर हो गया।पुलिस का दावा है कि वाहन रुकते ही सुजीत ने एक जवान से हथियार छीन लिया और भागने का प्रयास किया। इस दौरान उसने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। आत्मरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें सुजीत सिन्हा गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।घटना की सूचना मिलते ही वरीय पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल से खोखे तथा छीना गया हथियार बरामद किया गया। जामताड़ा के पुलिस अधीक्षक शंभू कुमार सिंह ने मुठभेड़ की पुष्टि करते हुए बताया कि सुजीत पर हत्या, रंगदारी और अपहरण समेत कई संगीन मामले दर्ज थे। मामले की मजिस्ट्रेटी जांच के आदेश दे दिए गए हैं। घटना के बाद जामताड़ा, धनबाद और साहिबगंज में सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
