जामताड़ा जिले में साइबर अपराध के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चार साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक शंभु कुमार सिंह को मिली गुप्त सूचना के आधार पर साइबर डीएसपी अमित रविदास के नेतृत्व में छापेमारी दल का गठन किया गया। टीम ने करमाटांड़ थाना क्षेत्र के पिंडारी रेलवे फाटक से आगे रेलवे की जमीन पर बने क्षतिग्रस्त मकान में छापेमारी की। इस दौरान साइबर अपराध करते चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों में सीताकाटा गांव के सुनीत कुमार दास, कपिल दास और सीतेश्वर दास के अलावा काशीटांड़ गांव के तनवीर अंसारी शामिल हैं। पुलिस ने इनके पास से 11 मोबाइल फोन, एक टैब और 12 सिम कार्ड बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, आरोपी एसबीआई, यूको बैंक समेत अन्य बैंकों के केवाईसी अपडेट करने, ई-चालान, शादी कार्ड, बिजली बिल, गैस पाइपलाइन और पानी कनेक्शन के नाम पर लोगों को झांसा देते थे। इसके लिए APK फाइल भेजने और व्हाट्सऐप स्क्रीन शेयरिंग के जरिए साइबर ठगी की जाती थी। ठगी की रकम विभिन्न राज्यों के फर्जी बैंक खातों के माध्यम से निकाली जाती थी।
इस मामले में साइबर अपराध थाना कांड संख्या 68/26, दिनांक 15 अक्टूबर 2026 को संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों का कार्यक्षेत्र देश के विभिन्न राज्यों में फैला हुआ था।
