देवघर जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस अधीक्षक देवघर के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत नगर थाना क्षेत्र में ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया। कार्रवाई अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में गठित विशेष टीम द्वारा की गई।
जानकारी के अनुसार, पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि गांधी नगर, बरमसिया निवासी बंटी महथा अपने बिचकोड़िया स्थित घर में ब्राउन शुगर का अवैध कारोबार कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छापेमारी की। तलाशी के दौरान आरोपी के पास से 11 पुड़िया ब्राउन शुगर बरामद की गई। इसके अलावा नशे के कारोबार से जुड़े 1 लाख 45 हजार रुपये नकद भी जब्त किए गए।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान बंटी महथा, पिता गोपी महथा, निवासी गांधी नगर बरमसिया, थाना नगर, जिला देवघर के रूप में हुई है। पुलिस ने मामले में दो अन्य सहयोगियों राहुल महथा उर्फ राहुल चौधरी और विशाल महथा उर्फ डी.जे. का भी नाम सामने आने की बात कही है, जिनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार बंटी महथा का आपराधिक इतिहास काफी लंबा रहा है। उसके खिलाफ देवघर नगर थाना में हत्या के प्रयास, चोरी, मारपीट, रंगदारी, दहेज प्रताड़ना तथा एनडीपीएस एक्ट समेत कई गंभीर मामले दर्ज हैं।
इस अभियान में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी कुलदीप कुमार, नगर थाना प्रभारी मुकेश कुमार सहित कई पुलिस अधिकारी शामिल थे। पुलिस ने कहा कि जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इसमें शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।
