देवघर में साइबर अपराध के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पांच साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर के निर्देश पर डीएसपी कैलाश प्रसाद महतो के नेतृत्व में 2 अक्टूबर को खागा और करौं थाना क्षेत्र में छापेमारी की गई। इस दौरान दुमका और देवघर जिले के पांच आरोपियों को पकड़ा गया। गिरफ्तार आरोपियों में रविन्द्र नाथ घोसाल, अजय कुमार मंडल, पिन्टु कुमार मंडल, श्रीकांत महरा और विकाश कुमार रवानी शामिल हैं। पुलिस के अनुसार आरोपी फर्जी Flipkart/Amazon Pay, Google Pay, PhonePe और Paytm कस्टमर केयर प्रतिनिधि बनकर लोगों को कैशबैक का झांसा देते थे। इसके अलावा PM किसान योजना, बिजली बिल, RTO चालान और आधार अपडेट के नाम पर APK फाइल भेजकर मोबाइल का एक्सेस हासिल कर ठगी करते थे। आरोपियों के पास से पांच मोबाइल फोन और आठ सिम कार्ड बरामद हुए हैं। तकनीकी जांच में जब्त मोबाइल नंबर और IMEI से विभिन्न राज्यों में साइबर ठगी की शिकायतें भी मिली हैं।
