.देवघर। समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में मंगलवार को उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी सौरभ कुमार भुवानिया की अध्यक्षता में चौकीदार अनुकंपा समिति, सामान्य अनुकंपा समिति एवं जिला स्थापना समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में अनुकंपा के आधार पर नियुक्ति के लिए प्राप्त आवेदनों की विस्तृत समीक्षा और भौतिक सत्यापन किया गया।बैठक के दौरान समिति ने नियमों एवं निर्धारित प्रक्रियाओं के तहत कुल 14 आवेदकों का चयन किया। इनमें चौकीदार अनुकंपा के तहत सात और सामान्य अनुकंपा के तहत सात आवेदक शामिल हैं। उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि चयन प्रक्रिया के बाद नियुक्ति से संबंधित आगे की कार्रवाई निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरी की जाए। उन्होंने पूरी प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने और नियमों के अनुरूप त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने पर जोर दिया।इसके अलावा जिला स्थापना समिति की बैठक में विभिन्न स्थापना संबंधी मामलों की भी समीक्षा की गई। उपायुक्त ने अधिकारियों को प्रशासनिक कार्यों का निष्पादन समय पर और सुचारू रूप से करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सभी मामलों में नियमों का पालन करते हुए संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि पात्र आवेदकों को अनावश्यक विलंब का सामना न करना पड़े।बैठक में उप विकास आयुक्त पीयूष सिन्हा, अपर समाहर्ता हीरा कुमार, देवघर के अनुमंडल पदाधिकारी रवि कुमार, मधुपुर के अनुमंडल पदाधिकारी राजीव कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।
