देवघर। नगर थाना क्षेत्र के बरियार बांधी स्थित बंपास टाउन के समीप गणेश पूजा के दौरान हुई गोलीबारी के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बाबा गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में बिलासी निवासी उज्जवल कुमार झा (22) और शिक्षा सभा चौक निवासी अभय गिरी उर्फ अभय भारद्वाज (24) शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार, 14-15 सितंबर की रात गणेश पूजा पंडाल के पीछे पार्टी का आयोजन किया गया था। इसी दौरान चंदन यादव द्वारा अंकित झा उर्फ बुशली के कंधे पर हाथ रखने को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि अंकित झा की पिस्टल से अभय गिरी और उज्जवल झा ने चंदन यादव पर फायरिंग कर दी। गोली चंदन की जांघ में लगी, जिसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
इलाज के बाद चंदन यादव के आवेदन पर 2 अक्टूबर को नगर थाना कांड संख्या 389/2026 दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी के निर्देश पर एसडीपीओ सदर के नेतृत्व में टीम गठित की गई। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर पूछताछ की, जिसमें अपराध स्वीकार करने की बात कही गई है।
पुलिस के मुताबिक, उज्जवल झा ने सोशल मीडिया पर वीडियो पोस्ट कर गोलीकांड की जिम्मेदारी भी ली थी। अभय गिरी पर 11 और उज्जवल झा पर दो आपराधिक मामले दर्ज हैं।
