देवघर पुलिस को नशा विरोधी अभियान में बड़ी सफलता मिली है। जसीडीह स्थित रुइया धर्मशाला में ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री की सूचना पर छापेमारी कर पुलिस ने महिला समेत छह ड्रग्स पैडलरों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 76 ग्राम से अधिक ब्राउन शुगर तथा 63 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। जब्त ब्राउन शुगर की अनुमानित कीमत करीब 15 लाख रुपये बताई जा रही है।
इस संबंध में आयोजित प्रेस वार्ता में देवघर के पुलिस अधीक्षक प्रवीन पुष्कर ने बताया कि जिले को नशामुक्त बनाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। गुप्त सूचना के आधार पर जसीडीह के रुइया धर्मशाला में छापेमारी की गई, जहां ड्रग्स की खरीद-बिक्री चल रही थी।
गिरफ्तार आरोपियों में सिकंदर मेहता, उसकी पत्नी खुशबू देवी, गुल मोहम्मद तथा इस्माइल अंसारी समेत छह लोग शामिल हैं। पुलिस के अनुसार गुल मोहम्मद इस गिरोह का प्रमुख सदस्य है, जबकि इस्माइल अंसारी करों क्षेत्र का निवासी है। दोनों ट्रेन के माध्यम से ब्राउन शुगर की खेप पहुंचाने आए थे। सौदे के तहत 63 हजार रुपये टोकन मनी के रूप में दिए जा रहे थे, तभी पुलिस ने कार्रवाई कर सभी आरोपियों को दबोच लिया।
एसपी ने बताया कि सिकंदर पहले से ड्रग्स तस्करी में संलिप्त रहा है और उसने अपनी पत्नी को भी इस अवैध कारोबार में शामिल कर लिया था। पुलिस मामले की गहन जांच कर नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है।
