दुर्गापूजा की नवमी पर शराब पार्टी के दौरान पुराने विवाद में हुई थी गोलीबारी, गिरफ्तार आरोपी का आपराधिक इतिहास भी रहा है……..
देवघर। नगर थाना क्षेत्र के रंगा मोड़ के समीप रोशन यादव हत्याकांड में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। मृतक की पहचान रोशन यादव (25 वर्ष), पिता नागेश्वर यादव, निवासी रंगा मोड़, थाना नगर, देवघर के रूप में हुई थी। 19 अक्टूबर 2026 की रात गोली मारकर उसकी हत्या कर दी गई थी।
इस मामले में मृतक के पिता नागेश्वर यादव के बयान पर नगर थाना कांड संख्या 421/26, दिनांक 20 अक्टूबर 2026 को भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1), 61(2)(ए) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 27 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
पुलिस के अनुसार, कांड के अनुसंधान के दौरान प्रत्यक्षदर्शी गवाहों के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर सुमन यादव (26 वर्ष), पिता स्वर्गीय राजेंद्र प्रसाद यादव, निवासी बाघमारा, थाना जसीडीह को गिरफ्तार किया गया। उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
अनुसंधान में सामने आया कि दुर्गापूजा की नवमी के अवसर पर मृतक के घर शराब पार्टी का आयोजन किया गया था। इसी दौरान पूर्व में हुई मारपीट की घटना को लेकर विवाद उत्पन्न हो गया, जिसके बाद गोलीबारी की घटना हुई। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। मामले में पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
