देवघर पुलिस ने साइबर अपराध के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पथरड्डा ओपी क्षेत्र से 10 कथित साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर के निर्देश पर साइबर डीएसपी कैलाश प्रसाद महतो के नेतृत्व में 18 सितंबर को यह कार्रवाई की गई। पुलिस के अनुसार, आरोपी फर्जी Flipkart/Amazon Pay कस्टमर केयर, Airtel Payment Bank अधिकारी और Google Pay/PhonePe कस्टमर केयर प्रतिनिधि बनकर लोगों को ठगी का शिकार बनाते थे। इसके अलावा PM किसान योजना, बिजली बिल और RTO चालान के नाम पर APK फाइल भेजकर मोबाइल का एक्सेस हासिल करने और धोखाधड़ी करने का आरोप है।
पुलिस ने आरोपियों के पास से 15 मोबाइल फोन, 18 सिम कार्ड और एक एटीएम कार्ड बरामद किया है। तकनीकी जांच में जब्त मोबाइल नंबर और IMEI नंबरों के खिलाफ विभिन्न राज्यों में साइबर ठगी की शिकायतें दर्ज पाए जाने की बात पुलिस ने कही है। गिरफ्तार आरोपियों में महेश राणा, गौतम राणा, पाण्डव महतो, शुभम यादव, उत्तम राणा, लालूमोहन राणा, कैलाश दास, कुन्दन कुमार दास, मनुवर अंसारी और छलबली कुमार शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, चार आरोपियों का पूर्व से साइबर अपराध से संबंधित आपराधिक इतिहास भी है।
