देवघर नगर क्षेत्र स्थित मोदी बांध (तालाब) पर कथित अवैध अतिक्रमण को लेकर एक बार फिर मामला गरमा गया है। स्थानीय निवासी सुरज कुमार झा ने उपायुक्त देवघर को आवेदन सौंपकर तालाब पर जारी निर्माण कार्य की निष्पक्ष जांच कराने तथा अतिक्रमण हटाने की मांग की है।
आवेदन में बताया गया है कि उन्होंने झारखंड उच्च न्यायालय में जनहित याचिका WP (PIL) 3135/2025 दायर की है, जिसका उद्देश्य मोदी बांध को अतिक्रमण से बचाना है। याचिकाकर्ता का आरोप है कि राज्य सरकार की ओर से न्यायालय में यह जानकारी दी गई थी कि तालाब पर अतिक्रमण रोक दिया गया है और आवश्यक कार्रवाई पूरी कर ली गई है। जबकि वास्तविक स्थिति इसके विपरीत है।
सुरज कुमार झा के अनुसार वर्तमान समय में भी तालाब क्षेत्र में लगातार अवैध निर्माण एवं अतिक्रमण जारी है, जिससे तालाब के अस्तित्व और पर्यावरण को गंभीर नुकसान पहुंच रहा है। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं की गई तो जलस्रोत पूरी तरह प्रभावित हो सकता है।
आवेदन में यह भी आरोप लगाया गया है कि माननीय न्यायालय के समक्ष भ्रामक एवं गलत तथ्य प्रस्तुत किए गए हैं, जो न्यायिक प्रक्रिया को प्रभावित करने वाला मामला है।
याचिकाकर्ता ने उपायुक्त से मांग की है कि पूरे मामले की स्थल जांच कराई जाए, तालाब पर जारी निर्माण कार्य को तत्काल रोका जाए तथा दोषी अधिकारियों और संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही जांच के बाद वास्तविक रिपोर्ट न्यायालय में प्रस्तुत करने की भी मांग की गई है।
आवेदन के साथ स्थल की तस्वीरें एवं जनहित याचिका की प्रति भी संलग्न की गई है।
