धनबाद की MP-MLA विशेष अदालत ने बरवाअड्डा थाना कांड संख्या 146/26 में डुमरी विधायक जयराम महतो समेत चार आरोपियों को बड़ी राहत देते हुए अग्रिम जमानत दे दी है। अदालत ने जयराम महतो के अलावा सुशील मंडल, महेंद्र साव और राजकुमार मंडल को भी अग्रिम जमानत प्रदान की है।
मामला 21 अगस्त को बरवाअड्डा थाना में हुई घटना से जुड़ा है। आरोप है कि घटना के दौरान थाना प्रभारी के साथ कथित तौर पर गाली-गलौज और धमकी दी गई तथा सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाई गई। इसके अलावा हाजत में रखे गणेश दास को छुड़ाने के प्रयास का भी आरोप लगाया गया था। घटना के बाद पुलिस की ओर से मामला दर्ज किया गया था।
मामले को लेकर झारखंड पुलिस एसोसिएशन ने भी जयराम महतो के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी। एसोसिएशन की ओर से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग के साथ आंदोलन की चेतावनी भी दी गई थी।
अब MP-MLA विशेष अदालत से जयराम महतो समेत चार लोगों को अग्रिम जमानत मिलने के बाद मामले ने एक बार फिर राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में चर्चा तेज कर दी है। अदालत के इस आदेश को आरोपियों के लिए महत्वपूर्ण राहत माना जा रहा है।
