देवघर पुलिस ने साइबर अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए सारठ थाना क्षेत्र से पांच संदिग्ध साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर के आदेश पर साइबर डीएसपी कैलाश प्रसाद महतो के नेतृत्व में 27 सितंबर को की गई।
पुलिस के अनुसार, गुप्त सूचना मिली थी कि आरोपी फर्जी तरीके से Flipkart/Amazon Pay कस्टमर केयर प्रतिनिधि, Airtel Payment Bank अधिकारी तथा Google Pay/PhonePe कस्टमर केयर बनकर लोगों को ठगी का शिकार बना रहे थे। इसके अलावा PM किसान योजना, बिजली बिल और RTO चालान के नाम पर APK फाइल भेजकर मोबाइल का एक्सेस लेने की बात भी सामने आई है।
गिरफ्तार आरोपियों में सरफराज आलम (30), विजय कुमार दास (21), शिवम कुमार दास (19), नितेश कुमार (19) और अभय कुमार दास (24) शामिल हैं। सभी देवघर जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों के रहने वाले हैं।
पुलिस ने आरोपियों के पास से पांच मोबाइल फोन और आठ सिम कार्ड बरामद किए हैं। तकनीकी जांच में जब्त मोबाइल नंबर और IMEI नंबरों के खिलाफ विभिन्न राज्यों में साइबर ठगी की शिकायतें दर्ज होने की जानकारी मिली है। पुलिस के अनुसार, सरफराज आलम पूर्व में देवघर साइबर थाना कांड संख्या 125/25 और दुमका के शिकारीपाड़ा थाना कांड संख्या 115/24 में भी आरोपित रहा है।
