गिरिडीह। झारखंड में JPSC और JSSC की भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितता और पेपर लीक के मुद्दे को लेकर मंगलवार को जमुआ मुख्य मार्ग पर भाजपा कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों ने विरोध-प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता एवं निष्पक्षता सुनिश्चित करने की मांग उठाई।प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि भर्ती परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों से राज्य के हजारों अभ्यर्थियों के भविष्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। कार्यकर्ताओं ने कहा कि युवाओं के भविष्य से जुड़े प्रतियोगी परीक्षाओं में किसी भी प्रकार की अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जानी चाहिए।प्रदर्शन के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी, सोनिया गांधी और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के खिलाफ भी नारेबाजी की। कार्यकर्ताओं ने सरकार पर युवाओं की समस्याओं को गंभीरता से नहीं लेने का आरोप लगाते हुए अपना विरोध दर्ज कराया।प्रदर्शन के कारण जमुआ मुख्य मार्ग पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि JPSC-JSSC जैसी महत्वपूर्ण परीक्षाओं में पारदर्शी व्यवस्था और अभ्यर्थियों के हितों की रक्षा सुनिश्चित करना सरकार की जिम्मेदारी है।
