पलामू के नौडीहा बाजार थाना क्षेत्र में मंगलवार को दो अलग-अलग जल हादसों में एक युवती और एक नाबालिग की डूबने से मौत हो गई। पहली घटना हड़ियाही डैम की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार नौडीहा निवासी प्रमोद प्रसाद की 22 वर्षीय पुत्री राखी कुमारी अपने जीजा के साथ डैम घूमने गई थी। इसी दौरान पैर फिसलने से वह गहरे पानी में जा गिरी। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। काफी प्रयास के बाद उसे पानी से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
वहीं दूसरी घटना सरईडीह पंचायत के टोला कर्मडीह में हुई। यहां स्वर्गीय कमलेश यादव के 12 वर्षीय पुत्र की कुएं में डूबने से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि बच्चा जानवर चराने के दौरान कुएं के पास बैठा था। इसी क्रम में अचानक उसका पैर फिसल गया और वह कुएं में जा गिरा। पानी में डूबने से उसकी मौत हो गई।
दोनों घटनाओं की सूचना मिलने पर नौडीहा बाजार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पुलिस दोनों मामलों में सभी पहलुओं से जांच कर रही है। घटनाओं के बाद दोनों परिवारों में मातम पसरा हुआ है।
