पांच घायल, दो की हालत गंभीर…….


गिरिडीह जिले के हिरोडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत बास्कुपाई गांव में शुक्रवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। अवैध रूप से बालू लादकर तेज रफ्तार से जा रहे एक ट्रैक्टर ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में बाइक सवार सहित कुल पांच लोग घायल हो गए, जिनमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रैक्टर तेज गति से अवैध बालू लेकर गुजर रहा था। इसी दौरान चालक ने नियंत्रण खो दिया और सामने से आ रही बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और सभी घायल सड़क पर गिर पड़े।
घटना के बाद स्थानीय ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने दो गंभीर घायलों को बेहतर इलाज के लिए उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर कर दिया।
हादसे के बाद कुछ देर तक घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल रहा। स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में अवैध बालू के कारोबार और तेज रफ्तार ट्रैक्टरों के संचालन पर रोक लगाने की मांग करते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
सूचना मिलते ही हिरोडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटना की जांच शुरू कर दी। पुलिस ट्रैक्टर चालक की पहचान कर उसके विरुद्ध आवश्यक कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है।
