गोड्डा। झारखंड के गोड्डा शहर में बुधवार शाम अपराधियों ने पुलिस को खुली चुनौती देते हुए शहर के व्यस्त कारगिल चौक स्थित बंगाल ज्वेलर्स में हथियारबंद लूट की बड़ी वारदात को अंजाम दिया। शाम करीब 7:15 बजे तीन हथियारबंद अपराधी दुकान में घुसे और प्रवेश करते ही फायरिंग कर दहशत फैला दी। इसके बाद अपराधियों ने दुकान संचालक वासुदेव राय के साथ मारपीट की, जिससे वह घायल हो गए।
अपराधियों ने दुकान से करीब छह लाख रुपये नकद के अलावा बड़ी मात्रा में सोने-चांदी के जेवरात लूट लिए। वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाशों ने भागते समय एक बार फिर फायरिंग की, जिससे आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया। इसके बाद सभी आरोपी महागामा रोड की ओर फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही गोड्डा पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी। मुख्यालय डीएसपी जेपीएन चौधरी, एसडीपीओ आकाश भारद्वाज सहित कई वरीय पुलिस अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली। पुलिस ने दुकान और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं। साथ ही अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए विभिन्न स्थानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है।
घटना के बाद स्थानीय व्यापारियों और आम लोगों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ गई है। शहर के सबसे व्यस्त व्यावसायिक क्षेत्र में दिनदहाड़े जैसी दुस्साहसिक वारदात ने कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अपराधियों की पहचान के लिए तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज की मदद ली जा रही है। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि इस लूटकांड में शामिल सभी अपराधियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा और लूटे गए सामान की बरामदगी के लिए हर संभव कार्रवाई की जा रही है।
