गोड्डा। महागामा थाना क्षेत्र के घाट भागाबांध गांव में मंगलवार की शाम करीब चार बजे बच्ची को लेकर हुए मामूली विवाद ने मारपीट का रूप ले लिया। घटना में फूलो देवी (40), पति बीरबल घायल हो गईं। पीड़िता ने अपने भैसुर यमुना साह पर मारपीट करने का आरोप लगाया है।
फूलो देवी के अनुसार, मंगलवार की शाम बच्ची को लेकर परिवार के सदस्यों के बीच मामूली विवाद हुआ था। इसी दौरान विवाद बढ़ गया और उनके भैसुर यमुना साह ने कथित तौर पर उनके साथ मारपीट कर दी। मारपीट में महिला के सिर और हाथ में चोट लगी है।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना महागामा थाना पुलिस को दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल महिला को इलाज के लिए रेफरल अस्पताल महागामा भेजा। अस्पताल में चिकित्सकों ने महिला का उपचार किया।
पीड़िता ने मामले को लेकर महागामा थाना में शिकायत कर दोषी के खिलाफ उचित कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, शिकायत और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल घटना को लेकर दोनों पक्षों से जानकारी जुटाई जा रही है।
