गोड्डा। महागामा थाना क्षेत्र के ऊर्जानगर में 15 अगस्त की रात हुई चोरी के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने नाई टोला निवासी कन्हैया कुमार यादव उर्फ कन्हैया (26) को गिरफ्तार किया है। एसडीपीओ आलोक वरण ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मामले की जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की निशानदेही पर 4.50 लाख रुपये नकद, करीब 1 किलो 131 ग्राम चांदी के आभूषण, 24.40 ग्राम सोने के आभूषण तथा चोरी में इस्तेमाल किया गया लोहे का सबल बरामद किया गया है। पूछताछ के दौरान आरोपी ने चोरी की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। पुलिस ने बताया कि चोरी की कुछ रकम आरोपी ने शराब और जुआ खेलने में खर्च कर दी।
पुलिस के मुताबिक, मामले में अन्य आरोपियों की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है। गिरफ्तार कन्हैया का पूर्व से आपराधिक इतिहास रहा है और वह तीन मामलों में जेल जा चुका है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद मंडल कारा गोड्डा भेजने की कार्रवाई की है।


