गोड्डा जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत नगर थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर नगर थाना क्षेत्र के चपरासी टोला में छापेमारी कर दो युवकों को ब्राउन शुगर के साथ गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान राहुल कुमार साह और बिपीन सोनी के रूप में की गई है।
जानकारी के अनुसार अंचल अधिकारी हलधर सेठी के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपितों को मौके से दबोच लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से सिल्वर पेपर में पैक 28 पुड़िया ब्राउन शुगर बरामद की गई। जब्त मादक पदार्थ का कुल वजन 5.70 ग्राम बताया गया है। पुलिस ने बरामद ब्राउन शुगर को जब्त कर जांच के लिए भेज दिया है।
इस संबंध में नगर थाना में कांड संख्या 110/2026 दर्ज किया गया है। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद दोनों आरोपितों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है और ऐसे कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।
