दोस्त को बचाने के लिए पानी में कूदा छात्र भी डूबा, चार घंटे की मशक्कत के बाद मिले शव…………

दुमका/हंसडीहा थाना क्षेत्र के हथगढ़ स्थित धोबई नदी के चेकडेम में रविवार को सोशल मीडिया के लिए रील बनाने के दौरान दो स्कूली छात्रों की डूबने से मौत हो गई। मृतकों की पहचान हथगढ़ निवासी संतोष मंडल के 16 वर्षीय पुत्र रमन कुमार और तेतरिया गांव निवासी राजेंद्र सिंह के 15 वर्षीय पुत्र उमेश कुमार के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, दोनों छात्र कुछ अन्य दोस्तों के साथ चेकडेम पहुंचे थे। इसी दौरान उमेश रील बनाने के लिए पानी में उतरा। उसके साथी मोबाइल से वीडियो बना रहे थे। अचानक उमेश गहरे पानी में चला गया। उसे डूबता देख रमन उसे बचाने के लिए पानी में कूद गया, लेकिन तेज धारा में वह भी फंस गया और दोनों डूब गए।
सूचना मिलने पर अंचलाधिकारी राहुल कुमार शानू और थाना प्रभारी अजीत यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। स्थानीय तैराकों की मदद से करीब चार घंटे तक खोज अभियान चलाया गया। इसके बाद दोनों छात्रों के शव बरामद किए गए। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय लोगों ने किशोरों से गहरे पानी में जाने से बचने की अपील की।
